बिलासपुर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 10 महीने में 1.83 लाख वाहन चालकों पर कार्रवाई
शराब पीकर वाहन चलाने वाले 2858 चालक पकड़े गए, 2 हजार से ज्यादा ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित
बिलासपुर। सड़क पर लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ बिलासपुर यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। जनवरी से अक्टूबर तक महज 10 महीनों में 1 लाख 83 हजार 798 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इनमें शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 2858 चालक भी शामिल हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर यातायात पुलिस शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर लगातार जांच अभियान चला रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर सभी प्रकरण न्यायालय भेजे गए हैं। इसके अलावा तेज रफ्तार से वाहन चलाने वाले 14 हजार 455, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वाले 3 हजार 481 और बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 10 हजार 661 चालकों पर कार्रवाई की गई है।
यातायात नियमों के उल्लंघन के आंकड़े भी चौंकाने वाले हैं। बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर 5 हजार 970, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल करने पर 3 हजार 520 और रेड सिग्नल जंप करने पर 39 हजार 968 वाहन चालकों के चालान काटे गए हैं। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले 2 हजार से अधिक वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की गई है।
यातायात पुलिस की समीक्षा में यह भी सामने आया है कि शहर में शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच सबसे ज्यादा सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। दुर्घटनाओं के इस संवेदनशील समय को देखते हुए पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वालों और तेज रफ्तार से गाड़ी दौड़ाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल जरूर करें। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस लोगों को जागरूक भी कर रही है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को रोका जा सके।

