BREAKING NEWS
बिलासपुर टाइम्स न्यूज़ में आपका स्वागत है — देश, प्रदेश और शहर की ताज़ा खबरें पढ़ें।

स्वनिधि महोत्सव में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्ट्रीट वेंडर्स के साथ किया भोजन, कुल्हड़ वाली चाय का भी लिया आनंद

BILASPUR TIME
By -
0

स्वनिधि महोत्सव में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने स्ट्रीट वेंडर्स के साथ किया भोजन, कुल्हड़ वाली चाय का भी लिया आनंद


पथ विक्रेताओं से किया सीधा संवाद, पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों ने साझा की आत्मनिर्भरता की सफलता की कहानी

बिलासपुर। 14 नवम्बर 2026। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा आयोजित स्वनिधि महोत्सव में पथ विक्रेताओं के आत्मनिर्भर बनने की कहानियां सामने आईं। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव ने स्ट्रीट वेंडर्स के फूड स्टॉल्स का निरीक्षण किया और उनके हाथों से बनी चाय का स्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने मिट्टी के कुल्हड़ में चाय की चुस्की लेते हुए पथ विक्रेताओं से आत्मीय बातचीत की।

उप मुख्यमंत्री श्री साव ने स्टॉल संचालकों से उनके व्यवसाय, आमदनी और पीएम स्वनिधि योजना से मिले लाभों की जानकारी ली। उन्होंने पथ विक्रेताओं के अनुभव भी सुने। कार्यक्रम के समापन के बाद उन्होंने महिला पथ विक्रेताओं के साथ बैठकर भोजन किया और उनके साथ संवाद किया।

10 हजार के ऋण से शुरू किया कारोबार, अब लिया 50 हजार रुपये का ऋण

स्वनिधि महोत्सव में धमतरी के श्री दिलीप यादव ने अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए बताया कि उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के तहत पहले चरण में 10 हजार रुपये का ऋण लेकर अपना व्यवसाय शुरू किया था। समय पर किस्तों का भुगतान करने के बाद उन्होंने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए दूसरे चरण में 20 हजार और तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त किया।

दिलीप यादव ठेले पर प्लास्टिक के सामान बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि योजना से मिले आर्थिक सहयोग के कारण उनके कारोबार में वृद्धि हुई है और परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आया है।

सिलाई के काम को मिला विस्तार, सुशीला श्रीवास्तव बनीं आत्मनिर्भर

इसी तरह फिंगेश्वर की श्रीमती सुशीला श्रीवास्तव ने भी उप मुख्यमंत्री के सामने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वे सिलाई का काम करती हैं। पहले चरण में 10 हजार रुपये का ऋण लेने के बाद उन्होंने समय पर उसकी किस्तें जमा कीं। इसके बाद अपने काम को बढ़ाने के लिए दूसरे चरण में 20 हजार और तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण लिया।

उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना से उनके सिलाई व्यवसाय को विस्तार मिला है। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में भी सकारात्मक बदलाव आया है और अब वे पहले की तुलना में बेहतर तरीके से जीवनयापन कर रही हैं।

छोटे कारोबारियों को आर्थिक मजबूती देने की पहल

स्वनिधि महोत्सव में पथ विक्रेताओं के अनुभवों और उनकी सफलता की कहानियों ने योजना के माध्यम से छोटे कारोबारियों को मिल रहे आर्थिक सहयोग को सामने रखा। कार्यक्रम का उद्देश्य स्ट्रीट वेंडर्स को प्रोत्साहित करना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।


Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)