बिलासपुर :- ढलते सूरज की लालिमा, अरपा के जल में झिलमिलाते दीप और हजारों श्रद्धालुओं की जुबां पर गूंजते छठी मैया के जयकारे... रविवार की शाम तोरवा छठ घाट पर आस्था का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को भावविभोर कर दिया। किसी की आंखों में श्रद्धा थी तो किसी के मन में परिवार की सुख-समृद्धि की कामना। सूर्यास्त के साथ ही जब व्रतियों ने अरपा के पवित्र जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया, तो पूरा घाट भक्ति और विश्वास के रंग में रंग गया।चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन सुबह से ही तोरवा घाट पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। दोपहर होते-होते घाट पर जनसैलाब उमड़ पड़ा। सिर पर पूजन सामग्री से सजे दउरे, हाथों में फलों और प्रसाद से भरे सूप तथा पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाएं इस पर्व की लोकसंस्कृति को जीवंत कर रही थीं। नारियल, गन्ना, मौसमी फल, ठेकुआ और दीपों से सजे पूजा स्थलों के बीच छठी मैया के पारंपरिक गीत वातावरण में भक्ति की मिठास घोल रहे थे।
सूर्यास्त का समय नजदीक आते ही श्रद्धा का दृश्य और भावुक हो उठा। व्रती महिलाएं और पुरुष अरपा के जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य के दर्शन की प्रतीक्षा करने लगे। जैसे ही क्षितिज पर सूर्य की अंतिम किरणें दिखाई दीं, हजारों हाथ एक साथ अर्घ्य देने के लिए उठे और छठी मैया के जयकारों से पूरा घाट गूंज उठा। इस बार मौसम भी श्रद्धालुओं पर मेहरबान रहा। आसमान साफ होने से सूर्य दर्शन और संध्या अर्घ्य में कोई बाधा नहीं आई। पिछले वर्ष बारिश के कारण हुई परेशानियों के बाद इस बार व्रतियों ने सहजता से पूजा-अर्चना की।बिलासपुर में छठ महापर्व का यह सामूहिक आयोजन 26 वर्षों की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। पाटलिपुत्र संस्कृति विकास मंच, भोजपुरी समाज और सहजानंद समाज के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस पर्व में अब केवल बिहार और उत्तर भारत से जुड़े परिवार ही नहीं, बल्कि शहर के अलग-अलग समाजों और वर्गों के लोग भी पूरे उत्साह से शामिल होते हैं। कभी कुछ परिवारों तक सीमित रहने वाली यह परंपरा आज बिलासपुर की साझा सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बन चुकी है।
अरपा नदी के तोरवा तट पर विकसित विशाल स्थायी छठ घाट भी इस आयोजन की खास पहचान है। एक साथ बड़ी संख्या में व्रतियों के अर्घ्य देने की व्यवस्था और स्थायी पूजा स्थल होने के कारण यहां हर वर्ष श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ जुटती है। घाट पर सजे दीप, जल में प्रतिबिंबित होती रोशनी और सामूहिक पूजा का दृश्य ऐसा प्रतीत करा रहा था, मानो अरपा का पूरा तट भक्ति के दीपों से जगमगा उठा हो।छठ महापर्व केवल सूर्य उपासना का पर्व नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, अनुशासन, पवित्रता और पारिवारिक आस्था का अद्भुत संगम है। बांस के सूप और दउरे में सजाए गए फल, नारियल, गन्ने और घरों में शुद्धता के साथ तैयार किए गए ठेकुआ में पीढ़ियों से चली आ रही परंपराएं झलकती हैं। लोकगीतों के माध्यम से छठी मैया की महिमा और सूर्यदेव की आराधना नई पीढ़ी तक पहुंच रही है। 36 घंटे के निर्जला व्रत की कठिन साधना के बीच परिवार और समाज के कल्याण की कामना इस पर्व को और भी विशेष बना देती है।
आयोजन को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष प्रवीण झा के साथ संरक्षक एसपी सिंह, बीएन झा, बृजेश सिंह, अशोक झा, गणेश गिरी, विजय ओझा, एसके सिंह, अभय नारायण राय, धर्मेंद्र दास, विनोद सिंह, राम प्रताप सिंह, सुधीर झा, रौशन सिंह, धनंजय झा, लव ओझा, दिलीप चौधरी, कुमुद सिंह, चंद्र किशोर प्रसाद, राजीव गिरी, सतीश सिंह, प्रशांत सिंह, शशि मिश्रा, मुकेश झा, अमरकांत तिवारी, शैलेंद्र सिंह, जितेंद्र ठाकुर, निर्भय चौधरी, रामसखा चौधरी, आशीष चौधरी, रुपेश कुशवाहा, प्रकाश देबनाथ, आनंद झा, राहुल सिंह, आकाश झा सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अब सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। व्रती 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास का पारण करेंगे। अरपा तट पर रविवार की यह शाम एक बार फिर साबित कर गई कि छठ केवल पूजा नहीं, बल्कि आस्था, समर्पण और सामाजिक एकता का ऐसा उत्सव है, जो दिलों को जोड़ता है।






