छत्तीसगढ़ में तेलुगु भाषा, संस्कृति और परंपराओं को नई पहचान देने की तैयारी है। राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित आंध्रा एसोसिएशन में 21 और 22 नवंबर को दो दिवसीय राष्ट्रीय तेलुगु सामाख्य सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें देशभर से तेलुगु समाज के प्रतिनिधि, साहित्यकार, कलाकार, समाजसेवी, राजनीतिक हस्तियां और सिनेमा जगत के लोग शामिल होंगे।
इस आयोजन को लेकर बिलासपुर के तेलुगु समाज में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। समाज की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने रायपुर से आए प्रतिनिधिमंडल ने आंध्रा समाज कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय में बैठक की। विभिन्न तेलुगु समाजों, पूजा समितियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रण पत्र सौंपकर सम्मेलन में शामिल होने का न्योता दिया गया।
बैठक में केवल सम्मेलन की तैयारियों पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि समाज की एकजुटता और संगठन को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल की गई। छत्तीसगढ़ तेलुगु महासंघ की बिलासपुर शाखा के नए पदाधिकारियों की घोषणा की गई।मनोनयन पत्र का वाचन कर एन. लोकेश कुमार को शाखा अध्यक्ष, सी. श्रीनिवास राव को सचिव और पी. चंद्राबाबू को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं शंकर राव को संरक्षक बनाया गया। शेष कार्यकारिणी की घोषणा जल्द की जाएगी।
वक्ताओं ने कहा कि भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज की पहचान, संस्कार और पीढ़ियों से चली आ रही विरासत है। ऐसे सम्मेलन नई पीढ़ी को अपनी मातृभाषा, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ समाज के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का काम करेंगे।बैठक में व्ही. रामा राव, बी. वेणुगोपाल राव, आर. मनोरथ बाबू, एन. रमना मूर्ति सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सम्मेलन को लेकर समाज के लोगों ने उत्साह जताते हुए अधिक से अधिक संख्या में रायपुर पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।



